




(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर । भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर विधानसभा क्षेत्र गदरपुर के अंतर्गत ग्राम चमनगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्यों को “मुख्यमंत्री घोषणा” में शामिल करने की मांग की है।
पत्र में उन्होंने बताया कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे की कमी के कारण स्थानीय लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जनहित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कुछ प्रमुख कार्यों को प्राथमिकता में शामिल करने का अनुरोध किया है।
प्रस्तावित कार्यों में कासगंज क्षेत्र में ठंडी नदी पर बने पुराने पुल का पुनर्निर्माण, चमनगंज पुलिया से श्यामनगर संपर्क मार्ग तक लगभग 2 किलोमीटर डामर रोड का निर्माण, नारायणपुर दोहरिया से श्यामनगर तक संपर्क मार्ग का निर्माण तथा पाठंडी नदी पर लगभग 200 मीटर तक सीमेंट ब्लॉक (पिचिंग) कार्य शामिल हैं।
गुंजन सुखीजा ने पत्र में उल्लेख किया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा। साथ ही छठ पूजा जैसे अवसरों पर श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को आगामी घोषणाओं में प्राथमिकता के साथ शामिल कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं।
