सकेनिया-मसीत लिंक मार्ग पर चौकी स्थापित करने की तैयारी का विरोध, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सिंह पाटू ने भी जताई नाराजगी; संकरी सड़क पर आवागमन प्रभावित होने की जताई आशंका

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर। सकेनिया-मसीत लिंक मार्ग पर बरेली नगर मोड़ के सामने कुईखेड़ी पुलिया पर माइनिंग चौकी स्थापित करने की तैयारी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। चौकी के लिए नापजोख किए जाने की सूचना मिलते ही कुईखेड़ी गांव के बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने माइनिंग चौकी बनाए जाने का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों के विरोध के बीच माइनिंग विभाग के कर्मचारियों ने फीता डालकर प्रस्तावित स्थल की नापजोख की। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गदरपुर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।
मौके पर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र पाल सिंह पाटू ने भी माइनिंग चौकी स्थापित करने की तैयारी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर चौकी बनाने की तैयारी की जा रही है, वहां पहले से ही सड़क काफी संकरी है। ऐसे में चौकी स्थापित होने के बाद खनन सामग्री से भरे डंपरों की कतार लगने से सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो सकती है और आम लोगों का आवागमन प्रभावित होगा।
वहीं, इस संबंध में वरिष्ठ उप निरीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि माइनिंग विभाग के कर्मचारियों के पास शासन का आदेश है। उसी के अनुपालन में माइनिंग चौकी स्थापित कराने की प्रक्रिया चल रही है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस का पक्ष: मदन सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक, कोतवाली गदरपुर ने बताया कि शासन के आदेश के अनुपालन में नापजोख की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मौजूद है।









