मामूली विवाद में रास्ता रोककर किया हमला, दोनों घायलों को आए कुल 42 टांके; पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू किया बरामद
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर दिनेशपुर। मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दिनेशपुर में बाइक से घर लौट रहे दो युवकों का रास्ता रोककर उन पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। हमले में घायल दोनों युवकों को कुल 42 टांके आए हैं। इनमें एक युवक के गले में 24 टांके, जबकि दूसरे युवक के पेट और गले में 18 टांके लगाए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 19 नवंबर की रात की है। वार्ड नंबर तीन स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी अभिषेक बाछाड़ अपने मित्र शुभम मंडल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सुपर मार्केट के पास तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि मामूली विवाद को लेकर आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर दिनेशपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। मामले में शस्त्र अधिनियम की धारा की बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंशू पुत्र हीरा सिंह निवासी वार्ड नंबर एक, कमल राणा पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी वार्ड नंबर दो तथा अनुज राय पुत्र दीपक राय निवासी वार्ड नंबर छह, दिनेशपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 352, 127(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक लोकेश कुमार, हेड कांस्टेबल चन्द्रपाल सिंह, कांस्टेबल गंगा सिंह और कांस्टेबल सूरज सिंह शामिल रहे।









