30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया, डीएम बोले- घर बैठे ऑनलाइन दर्ज करें अपना सही विवरण
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर, 19 नवंबर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने स्व-गणना (सेल्फ-इन्यूमरेशन) जनगणना अभियान के तहत स्वयं ऑनलाइन फॉर्म भरकर जनपदवासियों को भी इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आम जनता से अपील की कि सभी नागरिक ऑनलाइन माध्यम से अपना विवरण स्वयं दर्ज करें और जनगणना प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना फॉर्म बेहद सरल और आसानी से भरा जा सकता है। इसे भरने में अधिक समय भी नहीं लगता। ऑनलाइन लिंक के माध्यम से लॉग-इन करने पर कई जानकारियां स्वतः दर्ज हो जाती हैं, जिससे फॉर्म भरने की प्रक्रिया और आसान हो जाती है।
उन्होंने कहा कि स्वयं जानकारी दर्ज करने का सबसे बड़ा लाभ यह है कि व्यक्ति अपना विवरण सही तरीके से अपनी जानकारी के अनुसार भर सकता है और दर्ज की गई जानकारी का स्वयं सत्यापन भी कर सकता है। इससे डेटा की शुद्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश लोग डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को इस सुविधा का लाभ उठाते हुए एक बार लॉग-इन कर अपना स्व-गणना फॉर्म अवश्य भरना चाहिए।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना की यह प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द अपना ऑनलाइन विवरण दर्ज कर जनगणना अभियान में सहभागिता निभाएं।
जिला सूचना अधिकारी, ऊधम सिंह नगर।









