गरीब परिवार के एकमात्र कमाने वाले की सड़क हादसे में मौत के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ सड़क पर उतरे विधायक, मौके पर हटवाया अतिक्रमण; चालान और सामान जब्ती की दी चेतावनी
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालड़ा 70372 60222

गदरपुर खबर रुद्रपुर। गाबा चौक के पास ट्रक की टक्कर से सुभाष कॉलोनी निवासी एक दिहाड़ी मजदूर की मौत के बाद सर्विस रोड पर फैले अतिक्रमण का मुद्दा गरमा गया है। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था। हादसे के बाद परिजनों ने सर्विस रोड पर अवैध कब्जों को लेकर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि अतिक्रमण के कारण राहगीरों को हाईवे पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा पुलिस अधिकारियों और मृतक के परिजनों के साथ गाबा चौक से गल्ला मंडी तक पैदल निरीक्षण पर निकले। इस दौरान सर्विस रोड पर जगह-जगह कबाड़ियों, स्क्रैप कारोबारियों और वाहन वॉशिंग सेंटरों द्वारा किए गए अतिक्रमण को देखकर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई।
विधायक ने अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सर्विस रोड को रामपुर मत बनाओ, अन्यथा सड़क किनारे रखे खोखे भी हटवा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क और नाले तक कब्जा कर आम जनता का रास्ता रोकने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

विधायक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्विस रोड पर दोबारा वाहन, कबाड़ अथवा दुकानों का सामान रखकर रास्ता बाधित नहीं होना चाहिए। अतिक्रमण करने वालों के चालान किए जाएं और जरूरत पड़ने पर सामान भी जब्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी को भी अपने कारोबार के लिए पूरी सर्विस रोड पर कब्जा करने की छूट नहीं दी जा सकती।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर ही अतिक्रमण हटवाया और पुलिस अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में अनावश्यक रूप से खुले कटों को बंद कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाया जा सके।
इसके अलावा विधायक ने गाबा चौक पर नाले के अधूरे निर्माण कार्य को लेकर एनएच के पीडी अंचल जिंदल से वार्ता की और शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाले का निर्माण पूरा होने से सर्विस रोड भी सुचारु रूप से चालू हो सकेगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
विधायक शिव अरोरा ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं। परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि एक गरीब परिवार के एकमात्र सहारे की मौत बेहद दुखद है। इस घटना ने सर्विस रोड पर अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था की गंभीर समस्या को उजागर किया है। आम जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सर्विस रोड जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए है, किसी के निजी कारोबार का गोदाम या पार्किंग स्थल नहीं।
निरीक्षण के दौरान सीओ सिटी वैभव सैनी, कोतवाल संजय पाठक, बाजार चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, सुनील यादव, सुनील सिंह, विकास सागर, मयंक कक्कड़, प्रमोद साहनी, राज कोली सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।









