


कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड
रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालडा 7037260222

रुद्रपुर। सिविल लाइन स्थित गुरु अंगद देव कॉम्प्लेक्स से कंचनतारा जाने वाले मार्ग पर फुट ओवर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र फुट ओवर ब्रिज निर्माण कराने तथा निर्माण कार्य पूर्ण होने तक अस्थायी रूप से कट खोलने की मांग की गई।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि नैनीताल रोड स्थित शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मोड़ के समीप प्रतिदिन हजारों लोगों का पैदल आवागमन होता है। आवास विकास, जगतपुरा, मुखर्जी नगर, रविन्द्र नगर, शिवनगर, आजाद नगर, विवेक नगर, ट्रांजिट कैंप, कल्याणी व्यू, धोबीघाट समेत आसपास के क्षेत्रों के लोग इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने के लिए इसी रास्ते से गुजरते हैं।
उन्होंने कहा कि पहले इस स्थान पर कट खुला होने के कारण लोगों को सड़क पार करने में अधिक परेशानी नहीं होती थी, लेकिन ग्रिल और लोहे के सरियों से कट बंद किए जाने के बाद लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। इसके चलते लोग जान जोखिम में डालकर सीधे सड़क पार करने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
ठुकराल ने कहा कि हाल ही में इसी स्थान पर सड़क दुर्घटना में एक महिला की दर्दनाक मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि शिशु मंदिर इंटर कॉलेज मोड़ पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाए। साथ ही जब तक पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक आमजन की सुविधा के लिए अस्थायी रूप से कट खोलने की व्यवस्था की जाए।
प्रदर्शन में चेतन मांगट, संजीव गुप्ता, संजय ठुकराल, एडवोकेट अभय सिंह सोलंकी, जिला पंचायत सदस्य सर्वेश सिंह, ग्राम प्रधान आशीष यादव, सुनील चुघ, ललित सिंह बिष्ट, सुखवंत सिंह, अशोक यादव, केरू मंडल, रामकुमार गुप्ता, आनंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
रुद्रपुर खबर विज्ञापन के लिए संपर्क करें रवि कालड़ा
