



मेधावी छात्रों का सम्मान, डीएम ने बढ़ाया उत्साह
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
रूद्रपुर, 30 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रामकुमारी अग्रवाल इंटर कॉलेज खटीमा की इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 21वां स्थान प्राप्त करने वाली काशिश पांडे और हाईस्कूल में 14वां स्थान हासिल करने वाले देवेश सिंह को सम्मानित किया गया।
डीएम ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई की रणनीति और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच जरूरी है। साथ ही आश्वासन दिया कि प्रशासन मेधावी छात्रों की पढ़ाई में हर संभव सहयोग करेगा।
उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली छात्रों की सहायता पर विशेष जोर देते हुए काउंसलिंग और मार्गदर्शन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में किसान इंटर कॉलेज कुंडेश्वरी काशीपुर के छात्र मो. सकलैन को आर्थिक सहायता और लैपटॉप देने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी गौरव पांडे, विद्यालयों के प्रधानाचार्य और अभिभावक उपस्थित रहे।
✍️ जिला सूचना अधिकारी, उधम सिंह नगर
