Spread the love

गैस रिसाव मामले में एफआईआर दर्ज, एनडीआरएफ और पुलिस ने संभाला मोर्चा (कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)(9917322413)गदरपुर खबर। वार्ड नंबर-4 स्थित बर्फ फैक्टरी में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए फैक्टरी को अग्रिम आदेशों तक सील कर दिया है। वहीं फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
एसडीएम ऋचा सिंह के निर्देशन में गुरुवार को प्रशासन, पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। मुरादाबाद से बुलाए गए तकनीकी विशेषज्ञों की सहायता से सिलेंडर में मौजूद अमोनिया गैस को सुरक्षित तरीके से निष्प्रभावी किया गया। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की सलाह दी गई।
एनडीआरएफ की 15वीं बटालियन के जवानों ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से स्थानीय निवासियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। प्रशासनिक टीम ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
एसडीएम ऋचा सिंह ने बताया कि जांच के दौरान फैक्टरी प्रबंधन के पास आवश्यक वैधानिक दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके चलते फैक्टरी को अग्रिम आदेशों तक सील कर दिया गया है। वहीं फैक्टरी संचालन में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर प्रबंधन से जुड़े राजकुमार के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
गौरतलब है कि बुधवार शाम फैक्टरी में अमोनिया गैस सिलेंडर फटने से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के थाना मुंडापांडे क्षेत्र निवासी श्रमिक राजेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद से प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
इस दौरान तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा, एसआई संजय बोरा, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित एनडीआरएफ की टीम मौजूद रही।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!