सरकार आपके द्वार: कुल्हा में लगा बहुउद्देशीय शिविर
721 लोगों ने लिया हिस्सा, 462 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर, 08 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा सेतु—सरकार आपके द्वार” बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत कुल्हा स्थित बहुउद्देशीय खेल भवन में किया गया। दर्जा राज्य मंत्री दीपक मेहरा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्य मंत्री दीपक मेहरा ने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ही योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

मंत्री दीपक मेहरा, ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर एवं कार्यक्रम संयोजक नरेश हुडिया ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान पशुपालन विभाग के पांच लाभार्थियों को 2.16 लाख रुपये के चेक तथा तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। अतिथियों ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए।
शिविर में 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 48 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में 721 लोगों ने प्रतिभाग किया और 462 लोग लाभान्वित हुए।
स्वास्थ्य विभाग ने 115 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं, जिसमें आठ एएनसी जांच, पांच टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, सैनिटरी पैड एवं दवाइयों का वितरण शामिल रहा। होम्योपैथिक विभाग ने 52 तथा आयुर्वेदिक विभाग ने 83 लोगों को निःशुल्क औषधियां वितरित कीं। पशुपालन विभाग ने 80 पशुपालकों को निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं तथा विभिन्न योजनाओं के लिए 20 आवेदन प्राप्त किए।
इसके अलावा उरेडा में पांच सब्सिडी आवेदन, जनजाति विभाग में छह आवेदन, डेयरी विभाग में 10 आवेदन तथा महिला कल्याण विभाग में चार विधवा पेंशन आवेदन प्राप्त हुए। जिला दिव्यांग पुनर्वास के तहत चार यूडीआईडी कार्ड बनाए गए, जबकि श्रम विभाग ने 11 श्रमिकों का पंजीकरण और तीन श्रमिकों के कार्ड का नवीनीकरण किया।
शिविर में राजस्व, विद्युत, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, शिक्षा, उद्योग, सहकारिता, पंचायतीराज, मत्स्य एवं नाबार्ड सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, ग्राम प्रधान दीपा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रीना देवी, अतुल पांडे, बीडीओ अतिया परवेज, नोडल अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।








