Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

गदरपुर। नगरपालिका में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 26 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इससे विकास कार्यों को ओर ज़्यादा रफ़्तार मिलेगी।

    गुरुवार को पालिका कार्यालय में अध्यक्ष मनोज कुमार गुंबर की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड बैठक में 25,86,22,800 रुपये का बजट पेश किया गया, जिसे सभी सभासदों ने मंजूरी दी।  बजट के माध्यम से नगर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ कई नए विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। 

   बोर्ड बैठक में 15वें वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान राशि से सफाई उपकरण खरीदने और जल संचयन संबंधी कार्यों पर खर्च करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में टेंडर प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। नगर के सौंदर्यीकरण के तहत मुख्य सड़कों पर आकर्षक लाइटें लगाने, पार्कों का विकास, तिरंगा झंडा स्थापना और सुलभ शौचालय निर्माण की डीपीआर शासन को भेजी गई है। इसके अलावा सकैनिया रोड से गूलरभोज रोड, करतारपुर रोड, सिनेमा रोड, शिशु मंदिर रोड और आवास विकास क्षेत्र में फुटपाथ निर्माण और जलभराव की समस्या से निजात के लिए आरसीसी नालों का निर्माण कराया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड और नगरवासियों के सहयोग से कई विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं और शेष कार्य भी जल्द पूरे कराए जाएंगे। 

    बैठक में सभासद नरगिस, सचिन गुप्ता, रजत कुमार, अश्वनी, परमजीत सिंह पम्मा, रमन छाबड़ा, मुकेश चावला, तबस्सुम, फरदीन बाबा, विनीता सहित अधिशासी अधिकारी कैलाश सिंह पटवाल व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!