


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर सितारगंज । उत्तराखण्ड संग्रह अमीन संघ, उत्तराखण्ड राजस्व उपनिरीक्षक एवं राजस्व निरीक्षक संघ तथा उत्तराखण्ड कलैक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ ने सितारगंज तहसील में विजिलेंस द्वारा संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा एवं वरिष्ठ सहायक (राजस्व लेखाकार) भूपेन्द्र सिंह राणा के विरुद्ध की गई कार्रवाई को अवैधानिक बताते हुए जिलाधिकारी उधम सिंह नगर को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि 29 जुलाई को तहसील सितारगंज के वसूली कक्ष में दोनों कर्मचारी राजस्व बकायेदार से सरकारी बकाया धनराशि वसूल कर नियमानुसार रसीद जारी कर रहे थे। इसी दौरान सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने हस्तक्षेप कर वसूली की राशि को रिश्वत बताते हुए ट्रैप की कार्रवाई कर दी, जबकि यह कार्य कलेक्शन मैनुअल के प्रावधानों के अनुसार किया जा रहा था।
कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि शिकायतकर्ता पूर्व से राजस्व बकायेदार एवं आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है तथा उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि सतर्कता अधिष्ठान ने बिना पर्याप्त तथ्यों एवं निष्पक्ष जांच के कार्रवाई कर विभागीय कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न किया है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए राजस्व, पुलिस एवं वित्त विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समिति गठित की जाए तथा जांच पूरी होने और दोष सिद्ध होने तक संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कोई गिरफ्तारी या अन्य विधिक कार्रवाई न की जाए।
संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जांच पूरी होने से पहले संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है तो उत्तराखण्ड संग्रह अमीन संघ, राजस्व उपनिरीक्षक एवं राजस्व निरीक्षक संघ तथा कलैक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ 30 जुलाई 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी सतर्कता अधिष्ठान एवं संबंधित अधिकारियों की होगी। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष उमाशंकर, प्रांतीय उपाध्यक्ष मंजू विष्ट तथा जिलाध्यक्ष गौरव रावत सहित अन्य पदाधिकारियों मौजूद रहे
