जनजातीय संस्कृति, परंपरा और हस्तशिल्प को मिला मंच, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की भी दी गई जानकारी
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गूलरभोज खबर । भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े (1 से 15 नवंबर 2026) के अंतर्गत मंगलवार, 3 नवंबर को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गूलरभोज में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनजातीय समुदाय द्वारा पारंपरिक रूप से उपयोग की जाने वाली वस्तुओं की भव्य प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम तिलपुरी निवासी जनजातीय हस्तशिल्पी रामवती देवी, विमला देवी, ममता देवी एवं कुमारी राधा ने छात्र-छात्राओं को पारंपरिक हस्तशिल्प एवं उपयोगी वस्तुएं बनाने की विधि सिखाई। हस्तशिल्पियों ने पारंपरिक कला और हुनर से विद्यार्थियों को परिचित कराया।

इस दौरान संस्थान में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समुदाय के उत्थान, विकास एवं कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए संस्थान में फोटो बूथ बनाया गया, जहां छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक फोटो सेशन कराया।
इसके अतिरिक्त विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए राजकीय डिग्री कॉलेज गदरपुर में भी योजनाओं से संबंधित फ्लेक्स लगाए गए। कार्यक्रम में संस्थान के समस्त छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।











