
ं
22 नवंबर को रुद्रपुर में निकलेगा भव्य नगर कीर्तन, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60222)
ढ

रुद्रपुर। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आगामी 22 नवंबर को रुद्रपुर में निकलने वाले भव्य नगर कीर्तन की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। नगर कीर्तन को सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप देने के लिए रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने गुरुद्वारा गोल मार्केट प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों एवं शहर के गणमान्य लोगों के साथ निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया।
इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक नगर कीर्तन के रूट का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर कीर्तन से पूर्व मार्ग की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विधायक ने कहा कि रुद्रपुर का नगर कीर्तन अत्यंत भव्य एवं विशाल स्वरूप में आयोजित होता है। इसमें रुद्रपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर गुरु महाराज के दर्शन करते हैं। ऐसे में नगर कीर्तन के मार्ग पर किसी भी प्रकार की बाधा या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
शिव अरोरा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर नगर में आस्था, श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। नगर कीर्तन सिख समाज की धार्मिक आस्था, सेवा, समर्पण और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से गुरुद्वारा कमेटी के पदाधिकारियों के साथ पूरे मार्ग का निरीक्षण किया गया है, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि बाजार क्षेत्र में विभिन्न मार्गों के निर्माण का कार्य पहले ही पूरा कराया जा चुका है। अब नगर कीर्तन को लेकर शेष आवश्यक व्यवस्थाओं को भी समय रहते पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष गुरमीत सिंह, गुरुद्वारा कमेटी से सरदार जोगेंद्र सिंह, अजमेर सिंह, जीत सिंह, जैनीसरेन सिंह, वीरेंद्र सुखीजा, सरवन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।









