2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से हुआ मंदिर का निर्माण, धर्मशाला और हाईटेक शौचालय का भी किया लोकार्पण
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर खटीमा, 16 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई स्थित नवनिर्मित माँ पूर्णागिरि माता मंदिर में आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर माँ पूर्णागिरि का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित माँ पूर्णागिरि मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में निर्मित धर्मशाला एवं हाईटेक शौचालय का भी लोकार्पण किया।

मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों, पुजारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक परंपराएं और आस्था के केंद्र समाज को सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और आपसी एकता का संदेश देते हैं। हमारी सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत प्रदेश की पहचान है, जिसका संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।









