


एसएसपी अजय गणपति के “ऑपरेशन प्रहार” में 4.54 करोड़ की नकदी बरामद, दो शातिर गिरफ्तारगदरपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नकली नोटों के बड़े खेल का पर्दाफाश करते हुए करोड़ों रुपये की असली और नकली करेंसी बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नोटों में कई गड्डियों के ऊपर असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “Children Bank of India” लिखे नकली नोट रखे गए थे।
मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत जिले में आर्थिक अपराध, नकली नोट, नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में SHO गदरपुर भूपेन्द्र सिंह बृजवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में नकली और असली नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। जांच में पता चला कि कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे नकली नोट रखे गए थे ताकि लोगों को आसानी से ठगा जा सके। पुलिस ने मौके से करीब 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य की नकदी बरामद की है।
पुलिस ने इस मामले में कोतवाली गदरपुर में मु0 FIR संख्या 141/2026 धारा 179/180/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि नकली नोट कहां से लाए गए और किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर वार्ड नंबर 6 थाना बाजपुर तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज थाना गदरपुर शामिल हैं।
बरामदगी में 500 रुपये के नकली नोटों की कई गड्डियां, ऊपर असली और नीचे नकली नोटों वाली गड्डियां तथा एक काला-सफेद धारीदार बैग शामिल है, जिसमें 157 गड्डियां नकली नोटों की मिलीं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में आर्थिक अपराध और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में SHO भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह खड़ायत, उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मन कुमार, कांस्टेबल रघुवर सिंह और कांस्टेबल अमित देवरानी शामिल रहे।
