बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने और विद्यार्थियों का रिजल्ट 30 से 80 प्रतिशत तक बढ़ाने वाले शिक्षक हुए सम्मानित
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से आयोजित शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार सम्मान समारोह में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रतिभाग कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 84 शिक्षकों को सम्मानित किया। इनमें हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों के साथ ही ऐसे शिक्षक भी शामिल रहे, जिन्होंने अपने प्रयासों से विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में 30 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक सुधार किया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन लाने की क्षमता शिक्षक में होती है। शिक्षक के माध्यम से ही ज्ञान और चेतना विद्यार्थियों तक पहुंचती है। आज के समय में अच्छे शिक्षकों के साथ-साथ अच्छे नेतृत्वकर्ताओं की भी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि एक अच्छे और समर्पित शिक्षक की छाप बच्चों के जीवन पर आजीवन बनी रहती है। विद्यार्थी अपने जीवन में आगे बढ़ने के बाद भी अपने शिक्षकों को याद करते हैं और उनके योगदान की चर्चा करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।









