


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
देहरादून। जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने एक नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, भयमुक्त और भरोसेमंद माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी समस्याएं बिना किसी डर के संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकें।
नई व्यवस्था के तहत जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में शिकायत पेटी लगाई जाएगी। इन पेटियों में छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतें या सुझाव गोपनीय रूप से दर्ज कर सकेंगे।
इस व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शिकायत पेटी को स्कूल प्रबंधन, प्रबंध समिति या किसी भी कर्मचारी द्वारा नहीं खोला जा सकेगा। शिकायत पेटी केवल मुख्य शिक्षा अधिकारी के निर्देश और उनकी निगरानी में ही खोली जाएगी, जिससे शिकायतों की गोपनीयता और निष्पक्षता बनी रहे।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर मिलेगा और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। जिन विद्यालयों में अभी तक शिकायत पेटी की व्यवस्था नहीं है, उन्हें भी जल्द इसे स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए विभाग ने अभिभावक-शिक्षक बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा विद्यालयों में सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए विशेष रोस्टर तैयार किया जाएगा। विभागीय अधिकारी समय-समय पर औचक निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण करेंगे।
वहीं विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी भय के अपनी बात रख सकें और उनकी शिकायतों का निष्पक्ष समाधान हो सके।
