नवनिर्मित सर्किट हाउस और ₹1.37 करोड़ से बने देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण, अधिवक्ताओं के लिए चैंबर व ई-लाइब्रेरी बनाने की घोषणा
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत दौरे के दौरान नवनिर्मित सर्किट हाउस का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जनपद में लगभग 96 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है। आगामी 25 से 50 वर्षों की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा।
₹66 करोड़ का ड्रेनेज प्लान तैयार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 66 करोड़ रुपये की लागत का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं का विस्तार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, रोडवेज कर्मचारियों, मिनिस्टीरियल संवर्ग, पशुपालकों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों और सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सप्तेश्वर/सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति तथा मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।
अधिवक्ताओं के लिए चैंबर और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की घोषणा
मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और आम नागरिकों को न्याय दिलाने तथा उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने में उनकी अहम भूमिका है। राज्य सरकार आमजन को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी की स्थापना की घोषणा की। इसके साथ ही जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवनों के निर्माण की भी घोषणा की।
प्रत्येक ग्राम सभा को मिलेंगे 10 लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस धनराशि से ग्राम सभाएं अपनी आवश्यकताओं के अनुसार पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन और आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित अन्य जनहितकारी कार्य कर सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट वितरित कीं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
मुख्यमंत्री के चम्पावत पहुंचने पर सर्किट हाउस हेलीपैड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय एवं मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चन्द्र पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, शंकर दत्त पाण्डेय, केएमवीएन निदेशक रोहित बिष्ट, नगर पालिका के नामित सदस्य गौरव पाण्डेय, एसडीएम बीसी पंत और अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








