


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)(9917322413)
गदरपुर, खबर 03 अगस्त। उप जिलाधिकारी अमृता शर्मा ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ईआरओ एवं सुपरवाइजरों को मतदाता सूची से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सबसे पहले बूथ संख्या-186, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैलाखेड़ा का निरीक्षण किया। यहां सुपरवाइजर राजस्व उप निरीक्षक विपिन कुमार तथा ईआरओ के.एस. पटवाल (अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका गदरपुर) उपस्थित मिले। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद एसडीएम ने ग्राम सरोवरनगर स्थित बूथ संख्या-112 एवं 113 का निरीक्षण किया। यहां सुपरवाइजर राजस्व उप निरीक्षक नेकराम एवं ईआरओ राजकुमार भारती (अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका गदरपुर) से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में ग्राम रामबाग स्थित बूथ संख्या-22 का भी निरीक्षण किया गया। यहां सुपरवाइजर राजस्व उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार तथा ईआरओ मधुसूदन मिश्रा (प्रधानाचार्य, दिनेशपुर) मौजूद रहे।
निरीक्षण के अंत में उप जिलाधिकारी अमृता शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों में तेजी लाने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाए।
