


बौर जलाशय पर चला स्वच्छता अभियान, युवाओं को कानून व साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गूलरभोज खबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के सचिव वरिष्ठ सिविल जज श्रीमती ममता पंत के निर्देशन में बुधवार को बौर जलाशय डैम, गूलरभोज में जागृति योजना-2025 के अंतर्गत ‘सशक्त युवा, सशक्त भारत’ जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाने के साथ जागरूकता रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम में युवाओं एवं छात्र-छात्राओं को किशोर न्याय, कानूनी सहायता और न्याय तक पहुंच के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्परिणामों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। सचिव श्रीमती ममता पंत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत, राष्ट्रीय लोक अदालत, नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 तथा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को नालसा थीम सांग के माध्यम से भी जागरूक किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए बौर जलाशय क्षेत्र की साफ-सफाई की। जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छता, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पराविधिक कार्यकर्ता राजकुमारी, मीना, अंजलि, इल्मा बी, दीपा, कला, संगीता सरदार, गोपाल सिंह गौतम, कुंवर सिंह, नगर पंचायत से रवि वर्धन रामपाल सिंचाई विभाग से हेम, टीचर्स प्रमोद पांडे, नेहा, अमोद पांडे सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में करीब 85 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की रिपोर्ट पीएलवी राजकुमारी द्वारा प्रस्तुत की गई।
