


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गुलरभोज खबर गदरपुर। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर की सचिव श्रीमती ममता पंत के निर्देशन में

गुलरभोज में साइबर सुरक्षा एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सिंचाई विभाग के सहयोग एवं नगर पालिका के समन्वय से गुलरभोज डैम क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। वहीं साइबर सुरक्षा को लेकर लोगों को अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के बाद जिज्ञासा पब्लिक स्कूल, एन.के. इंटर कॉलेज एवं जे.के. कॉन्वेंट स्कूल गुलरभोज के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने करीब एक किलोमीटर लंबी साइबर सुरक्षा एवं स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने तख्तियों व बैनरों के माध्यम से आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, सिंचाई विभाग एवं नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अंत में सभी ने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
