हस्तनिर्मित उत्पादों ने बिखेरी रचनात्मकता की छटा, अतिथियों ने बच्चों के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की सराहना की
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(संपादक सुरेंद्र चावला9917322413)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। START INSTITUTE, रुद्रपुर में विशेष बच्चों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प उत्पादों की वार्षिक प्रदर्शनी ‘उम्मीद 2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में सिक्स सिग्मा की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सीमा अरोड़ा ने दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती ममता पंत, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी श्री रघुवीर सिंह विर्क, मिंडा कॉरपोरेशन के एमडी ललित मोहन जोशी, श्रीमती रितु अग्रवाल, श्रीमती निधि अग्रवाल एवं श्रीमती प्रिया कक्कर सहित संस्थान के सहयोगी और अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

प्रदर्शनी में विशेष बच्चों द्वारा अपनी मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच से तैयार किए गए विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने अपने हुनर के माध्यम से यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर प्रत्येक बच्चा अपनी प्रतिभा को निखार सकता है और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विशेष बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हैं।
‘उम्मीद 2026’ प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विशेष बच्चों की रचनात्मकता को पहचान दिलाना, उनके कौशल विकास को प्रोत्साहित करना तथा समाज में समावेशिता और समान अवसरों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है।
अंत में संस्थान की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।











