380 छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण, साइबर अपराध, कानूनी सहायता और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(99173 22413)

गदरपुर खबर। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी ममता पंत के निर्देशन में मंगलवार को सेंट मैरी स्कूल गदरपुर में सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रिंसिपल फादर बिजोए सीएमआई ने की।

कार्यक्रम के दौरान न्यायिक अधिकारी ममता पंत के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण तथा लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) 2012 के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण के महत्व और अपने अधिकारों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके विधिक अधिकारों, बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों, लैंगिक अपराधों से सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण, दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न के विरुद्ध शिकायत करने की प्रक्रिया से अवगत कराना रहा।
थाना गदरपुर से एसआई मेघा शर्मा एवं पूर्व सदस्य किशोर न्याय बोर्ड विनोद चन्द्र दीक्षित ने बच्चों के साथ होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक रहने और उनके अधिकारों के संबंध में जानकारी दी।
इस दौरान स्थायी लोक अदालतों के प्रभावी कार्य संचालन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं, साइबर अपराध, राष्ट्रीय लोक अदालत तथा सड़क सुरक्षा के विषय में भी विस्तार से बताया गया।
विद्यार्थियों को नालसा टोल फ्री नंबर 15100, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पराविधिक कार्यकर्ता (पीएलवी) राजकुमारी एवं गोपाल सिंह गौतम ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और आमजन को मिलने वाली कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक प्रशान्त परेरा, अर्जिश, हर्षद सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। जागरूकता कार्यक्रम में कुल 380 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
रिपोर्ट: पीएलवी राजकुमारी, टीम संख्या-09, तहसील गदरपुर।








