पहले दिन सदन में पेश होगा अनुपूरक बजट, विकास और जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 7037260222)

गदरपुर रुद्रपुर खबर /गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के प्रथम दिन रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने गैरसैंण में सदन की कार्यवाही में प्रतिभाग किया। सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा अनुपूरक बजट सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही सत्र के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विधेयकों को सदन के पटल पर रखे जाने की कार्यवाही भी प्रस्तावित है।
विधानसभा सत्र को लेकर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सदन प्रदेश के विकास, जनहित से जुड़े विषयों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। अनुपूरक बजट के माध्यम से सरकार की विभिन्न आवश्यकताओं और विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त बजटीय प्रावधानों पर चर्चा होगी। वहीं, सदन में प्रस्तुत होने वाले विधेयकों के माध्यम से प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में जनहित के मुद्दों को उठाना और प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों पर प्रभावी चर्चा करना जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि विकास कार्यों को गति मिले और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश के साथ-साथ रुद्रपुर के विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर होने वाली चर्चा महत्वपूर्ण रहेगी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सदन में सार्थक चर्चा आवश्यक है।








