त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक दीपावली से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य, डीडी चौक से 31 पीएसी तक निर्माण कार्य में आएगी तेजी
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 422)

गदरपुर खबर रुद्रपुर । शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और बहुप्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं को गति देने के लिए विधायक शिव अरोरा ने कलेक्ट्रेट परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में डीडी चौक से गाबा चौक तक काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण तथा त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित आठ लेन सड़क चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर शहर में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण की परियोजनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। इन कार्यों के पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी और आम जनता को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
दीपावली के तुरंत बाद शुरू होगा काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण
बैठक में डीडी चौक से गाबा चौक तक काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण कार्य पर विशेष चर्चा हुई। विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान व्यापारियों और आम जनता को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य शुरू करने का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन अब परियोजना में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने जल संस्थान, विद्युत विभाग और वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क चौड़ीकरण से संबंधित पेड़ों के कटान, विद्युत लाइनों तथा अन्य विभागीय कार्यों को समय से पूरा किया जाए, ताकि निर्माण कार्य शुरू करने में कोई बाधा न आए। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के साथ व्यापारियों के हितों और आम जनता की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक दीपावली से पहले काम पूरा करने के निर्देश
त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित आठ लेन सड़क चौड़ीकरण परियोजना की समीक्षा के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक चल रहे चौड़ीकरण कार्य को दीपावली से पहले पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जाए।
विधायक ने कहा कि इस मार्ग का चौड़ीकरण शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसलिए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करें, ताकि जनता को विकास कार्यों का लाभ जल्द मिल सके।
डीडी चौक से 31वीं पीएसी तक निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में दूसरे चरण के अंतर्गत डीडी चौक से 31वीं पीएसी तक सड़क चौड़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। विधायक ने बताया कि इस हिस्से में पेड़ों के कटान और जल संस्थान से संबंधित कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि दीपावली के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाए और आगे के हिस्से में भी काम को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि संबंधित निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए तीन माह की समयसीमा निर्धारित की गई है। इस पर विधायक ने निर्देश दिए कि निर्धारित अवधि का प्रभावी उपयोग करते हुए ठोस कार्ययोजना के साथ काम किया जाए और तय समयसीमा के भीतर निर्माण पूरा कराया जाए।
विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से भी समझौता नहीं
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर जनता तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है। शहर के विकास, यातायात व्यवस्था में सुधार और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा का पालन करें। बैठक में एडीएम पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गजेंद्र कुमार, विद्युत विभाग प्रथम के अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती, विद्युत विभाग द्वितीय के अधिशासी अभियंता किशोर पंत तथा जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बदरे आलम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








