(krishna varta gadarpur uttarakhand)
रुद्रपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गुजरात में आयोजित एकता दिवस परेड का सीधा प्रसारण ऊधमसिंह नगर में भी उत्साह के साथ देखा गया। पुलिस लाइन रुद्रपुर में बड़ी स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आईजी ट्रैफिक कृष्ण कुमार वीके, एसएसपी अजय गणपति, एसपी रुद्रपुर प्रमोद कुमार समेत पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने परेड का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान माहौल राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के उत्साह से सराबोर रहा। परेड के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और आमजन ने देश की एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द का संदेश आत्मसात किया।
जिले के सभी थानों में भी बड़ी स्क्रीन लगाकर स्थानीय नागरिकों को आमंत्रित किया गया था। पुलिसकर्मियों और आमजन ने सामूहिक रूप से परेड का प्रसारण देखा। पुलिस विभाग की इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता दिवस का महत्व आमजन तक पहुंचाने के साथ समाज में एकजुटता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना मजबूत करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने सामूहिक सहभागिता के माध्यम से देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और जनसहभागिता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई।











