13 जनपदों के 1250 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, 3 नवंबर तक चलेगा खेलों का महाकुंभ
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रही सरकार : शिव अरोरा
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 70372 60 222)

रुद्रपुर गदरपुर खबर । मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर में रविवार को राज्य स्तरीय विद्यालयी शिक्षा एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार की खेल नीति खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना है। आज विद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने वाले बच्चे भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
विधायक ने कहा कि रुद्रपुर के मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन शहर के लिए गौरव की बात है। ऐसे आयोजन स्थानीय बच्चों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेंगे और रुद्रपुर को खेल गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेंगे।
13 जनपदों के खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
गौरतलब है कि राज्य स्तरीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता 1 नवंबर से 3 नवंबर तक मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों के साथ स्पोर्ट्स स्टेडियम देहरादून की टीम भी प्रतिभाग कर रही है। इसमें लगभग 1250 खिलाड़ी और 150 प्रशिक्षक शामिल हैं। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राएं अलग-अलग एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
उद्घाटन समारोह में श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज रुद्रपुर एवं गुरु नानक बालिका इंटर कॉलेज रुद्रपुर की छात्राओं ने आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को भव्यता प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्र, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा हिमांशु कुमार श्रीवास्तव, खंड शिक्षा अधिकारी संवेद आलम, प्रधानाचार्य आमोद सक्सेना, ज्योतिराज, प्रीति गोयल, हरीश दनाई, संजीव बुधोरी, मोहन उपाध्याय, धीरज पांडे, दिनेश सिंह, गोविंद नारायण शर्मा, राजकुमार चौधरी, दीपक शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











