मुख्यमंत्री धामी के समक्ष रखीं छह मांगें, पांच पर तत्काल स्वीकृति मिलने पर जताया आभार
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(संपादक सुरेंद्र चावला 9917322413)

गदरपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर आयोजित ब्लॉक प्रमुख संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में गदरपुर की ब्लॉक प्रमुख एवं संगठन उत्तराखंड की प्रदेश महासचिव श्रीमती ज्योति ग्रोवर ने गरिमामय सहभागिता की प्रमुख ज्योति ग्रोवर ने बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था को सशक्त बनाने, क्षेत्र पंचायतों के विकास कार्यों में तेजी लाने तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान ब्लॉक प्रमुख संगठन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कंडारी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पंचायत राज व्यवस्था में सुधार एवं क्षेत्र पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया। मांगपत्र में क्षेत्र पंचायत प्रमुख निधि को पुनः प्रारंभ कर 1.50 करोड़ रुपये किए जाने, 73वें संविधान संशोधन के अंतर्गत पंचायतों को हस्तांतरित 29 विषयों में से पूर्व में दिए गए 14 विषयों को पुनः लागू करने सहित महत्वपूर्ण मांगें शामिल रहीं।

इसके अलावा खंड विकास अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय आख्या लिखने का अधिकार पूर्व की भांति ब्लॉक प्रमुखों को दिए जाने, क्षेत्र पंचायत को प्राप्त राज्य वित्त की धनराशि से अर्जित ब्याज को विकास कार्यों में खर्च करने की अनुमति देने तथा जिला योजना, एससीपी, खनन न्यास एवं आपदा से संबंधित 25 लाख रुपये तक के कार्यों में क्षेत्र पंचायत को कार्यदायी संस्था बनाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
पांच मांगों को स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री का जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा छह सूत्रीय मांगपत्र में से पांच मांगों को तत्काल स्वीकृति प्रदान किए जाने पर ब्लॉक प्रमुख संगठन की प्रदेश महासचिव एवं गदरपुर ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर ने मुख्यमंत्री का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक निर्णय लेना त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
ज्योति ग्रोवर ने कहा कि पंचायतों को अधिक अधिकार एवं वित्तीय संसाधन मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और स्थानीय जनसमस्याओं का समाधान बेहतर ढंग से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह सहयोग पंचायत प्रतिनिधियों के मनोबल को बढ़ाने वाला है। संगठन जनसेवा, पंचायतों की मजबूती और ग्रामीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख संगठन के पदाधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।











