राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा का लिया संकल्प, साइबर अपराध व नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

(कृष्णा वार्ता | गदरपुर, उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कोतवाली गदरपुर परिसर में पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देशानुसार विशेष गोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड-2026 का सजीव (लाइव )प्रसारण उपस्थित नागरिकों को दिखाया गया।
31 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, वार्ड सदस्यों तथा विभिन्न ग्रामों के ग्राम प्रधानों ने सहभागिता की। गोष्ठी के माध्यम से उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए देश की सुरक्षा, संप्रभुता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराध एवं धोखाधड़ी के मामलों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सामूहिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह बृजवाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, संजय बोरा, मनोज पांडे, मोहन बोरा, विजय कुमार तथा महिला उपनिरीक्षक मेघा शर्मा सहित कोतवाली का समस्त पुलिस बल मौजूद रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों ने देश की एकता, सुरक्षा और संप्रभुता को बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।










