Spread the love

तहसीलदार गदरपुर की जांच आख्या में राजन कुमार के ईसाई धर्म अपनाने की पुष्टि

कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(9917322413)

गदरपुर खबर। उप जिलाधिकारी कैम्प गदरपुर के आदेश पर जारी जांच आख्या में चकरपुर बराखेड़ा निवासी राजन कुमार पुत्र संजय कुमार के अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र को निरस्त किये जाने की संस्तुति की गई है। जांच में यह तथ्य सामने आया कि राजन कुमार ने स्वेच्छा से ईसाई धर्म अपना लिया है, जिसके बाद उन्हें अनुसूचित जाति वर्ग से मिलने वाले लाभ दिये जाने योग्य नहीं माना गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम मजराशीला निवासी अरविन्द सैनी द्वारा उप जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि क्षेत्र में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच के दौरान राजन कुमार के धर्म परिवर्तन का मामला प्रकाश में आया। जांच आख्या में उल्लेख किया गया कि राजन कुमार पहले हिन्दू धर्म के अंतर्गत अनुसूचित जाति (चमार) वर्ग से संबंधित थे, लेकिन अब उन्होंने ईसाई धर्म स्वीकार कर लिया है।
जांच में यह भी सामने आया कि राजन कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर “राजन मसीह” नाम से आईडी बनाई हुई है। साथ ही उन्होंने अपने लिखित बयान में स्वीकार किया कि उन्होंने स्वेच्छा से ईसाई धर्म अपनाया है और अब वह मंदिर न जाकर चर्च जाते हैं। उन्होंने बयान में कहा कि उनके भाई के बीमार होने पर प्रभु यीशु की प्रार्थना से लाभ मिलने के बाद परिवार ईसा मसीह को मानने लगा।
तहसीलदार गदरपुर की जांच रिपोर्ट में उच्चतम न्यायालय के फैसलों का हवाला देते हुए कहा गया है कि हिन्दू, सिख या बौद्ध धर्म के अलावा किसी अन्य धर्म को अपनाने पर अनुसूचित जाति का दर्जा एवं उससे जुड़े आरक्षण लाभ स्वतः समाप्त हो जाते हैं।
आख्या में राजन कुमार के जाति प्रमाण पत्र संख्या UK02CAC0704/180011310 दिनांक 14 जनवरी 2019 को निरस्त किये जाने हेतु जिला स्क्रूटनी समिति के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही किये जाने की संस्तुति की गई है।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!