Spread the love

दमकल विभाग समेत कई कंपनियों के फायर वाहन घंटों तक आग बुझाने में जुटे रहे
कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड

रिपोर्टर रवि कालडा 7037260222

रूद्रपुर। ग्राम छतरपुर स्थित एक पार्ट्स एवं स्क्रैप गोदाम में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा भारी मात्रा में स्क्रैप, ऑटो पार्ट्स और अन्य सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग, पुलिस प्रशासन और सिडकुल क्षेत्र की कई बड़ी कंपनियों के फायर वाहन मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम छतरपुर निवासी प्रेम मौर्य की भूमि पर ओमेक्स कॉलोनी निवासी व्यवसायी कमल अरोरा द्वारा पार्ट्स एवं स्क्रैप का गोदाम संचालित किया जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
गोदाम कर्मचारियों ने सबसे पहले ट्यूबवेल, मोटर और अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गोदाम स्वामी प्रेम मौर्य और व्यवसायी कमल अरोरा भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
घटना की सूचना पर सिडकुल चौकी पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए टाटा मोटर्स, बजाज, हिंदुस्तान जिंक, अशोक लीलैंड, महिंद्रा और टीसीएस लालपुर समेत कई उद्योगों के फायर वाहनों को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। स्थानीय पटवारी और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में लंबे समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

रुद्रपुर खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें रवी कालड़ा 7037260222


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!