Spread the love

कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड

रिपोर्टर रवि कालड़ा 7037260222

गदरपुर खबर रूद्रपुर। नीट यूजी 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक, गड़बड़ियों और अव्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में डीडी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने केन्द्र सरकार का पुतला फूंककर जमकर नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी एनटीए द्वारा आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा में भारी लापरवाही और अव्यवस्थाएं देखने को मिली हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से देश की शिक्षा व्यवस्था की साख प्रभावित हो रही है और लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में पेपर लीक मामलों के बाद परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन दो वर्षों के भीतर ही फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक लापरवाही और समन्वय की कमी के चलते सुधार योजनाएं प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकीं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के पास मजबूत एजेंसियां होने के बावजूद लगातार पेपर लीक की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में समय-समय पर पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार इन पर प्रभावी रोक लगाने में विफल साबित हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में सक्रिय माफिया सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से पेपर लीक का नेटवर्क चला रहे हैं। ऐसे गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने की मांग की। प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हालदार, गोपाल भसीन, रामस्वरूप भारती, संजय ठुकराल, विक्रम सिंह विर्क, इंद्रजीत सिंह, बाबू खान, अशफाक अंसारी, भूपेश सोनी, सतनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!