Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(9917322413)

एसएसपी अजय गणपति ने लागू की “फ्यूल अनुशासन पॉलिसी”, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर
ऊधम सिंह नगर। देशहित, ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति द्वारा जनपद पुलिस कार्यालयों में “फ्यूल अनुशासन पॉलिसी” लागू की गई है। यह पहल माननीय प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री उत्तराखंड द्वारा ईंधन बचत को लेकर की गई सार्वजनिक अपील के क्रम में शुरू की गई है।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक शनिवार को पुलिस कार्यालयों एवं अन्य पुलिस इकाइयों में “नो व्हीकल डे” अनिवार्य रूप से मनाया जाएगा। इस दिन पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालय आने-जाने हेतु वाहनों का प्रयोग नहीं करेंगे। अत्यावश्यक परिस्थितियों को छोड़कर बस, टैक्सी, लोकल ट्रेन एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के उपयोग हेतु निर्देशित किया गया है।
थाना स्तर पर आयोजित गोष्ठी, अपराध समीक्षा बैठक, ओआर एवं अन्य बैठकों को यथासंभव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे अनावश्यक वाहन संचालन एवं ईंधन व्यय को कम किया जा सके।
दिन एवं रात्रि गश्त के दौरान पैदल गश्त को प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए गए हैं। चीता मोबाइल अथवा अन्य वाहनों से गश्त के दौरान एक स्थान पर वाहन रोककर 100 से 200 मीटर की परिधि में पैदल गश्त करने के उपरांत अगले स्थान पर जाने को कहा गया है।
वीआईपी ड्यूटी, परेड एवं अन्य कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान कार पूलिंग एवं पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दिया जाएगा। वहीं थाना एवं 112 वाहनों को अनावश्यक रूप से इस्तेमाल में न रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर ही सरकारी वाहनों का संचालन किया जाएगा।
सभी थाना प्रभारियों को सरकारी वाहनों के मासिक ईंधन कोटे को नियंत्रित करने एवं अनावश्यक ईंधन व्यय रोकने हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही अधीनस्थ पुलिस कर्मियों को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक करने एवं अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन तथा वैकल्पिक साधनों के उपयोग हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि “पुलिस एक अत्यावश्यक सेवा है और जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ-साथ संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। ईंधन बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं बल्कि राष्ट्रहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। ऊधम सिंह नगर पुलिस जनसेवा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!