


जसवंत ग्राउंड से माँ डाट काली मंदिर तक व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से लेकर माँ डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने माँ डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की उन्नति और कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना भी की।
निरीक्षण के समय कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
