प्रमाण पत्रों के लिए भटक रही जनता, सीएससी संचालकों ने तहसील में खोला मोर्चा
गुंजन सुखीजा ने डीएम भदौरिया से की वार्ता, बोले– बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं, जल्द खत्म होगी पटवारियों की हड़ताल
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर। जाति, स्थायी निवास, आय सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों के निस्तारण में हो रही देरी के विरोध में सीएससी वेलफेयर सोसाइटी ऊधमसिंह नगर के जिला अध्यक्ष सुरजीत बत्रा के नेतृत्व में सीएससी संचालकों ने तहसील परिसर में सांकेतिक एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। पटवारियों की हड़ताल के चलते प्रमाण पत्रों का निस्तारण प्रभावित होने से आम जनता, विशेषकर छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संचालकों ने बताया कि 23 नवंबर को तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तीन दिन के भीतर प्रमाण पत्रों के निस्तारण की व्यवस्था शुरू कराने की मांग की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्हें धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान संचालकों ने तहसीलदार लीना चंद्रा को दोबारा ज्ञापन सौंपा। तहसीलदार ने आश्वासन दिया कि वह उच्च अधिकारियों से वार्ता कर जल्द समाधान कराने का प्रयास करेंगी।
गुंजन सुखीजा ने डीएम भदौरिया से की वार्ता
मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा ने जिलाधिकारी भदौरिया से वार्ता कर पटवारियों की हड़ताल के कारण प्रभावित हो रहे प्रमाण पत्रों के कार्य को जल्द शुरू कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह बच्चों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। छात्र-छात्राओं को समय पर प्रमाण पत्र नहीं मिलने से उनकी पढ़ाई, छात्रवृत्ति और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल जल्द समाप्त करवाकर प्रमाण पत्र बनवाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार में किसी भी वर्ग की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर संचालकों को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि पटवारियों की हड़ताल से छात्रवृत्ति, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन को जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए।
धरना स्थल पर आजाद समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष शाहेरुम उर्फ टोनी पठान ने भी पहुंचकर समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार होने के बावजूद जनता अपने जरूरी प्रमाण पत्रों के लिए परेशान है।
सीएससी संचालकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में सीएससी संचालक मौजूद रहे।









