(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
रुद्रपुर (संवाद सूत्र)। रुद्रपुर में नगर निगम की ओर से बेदखली के नोटिस से लोगों में हड़कंप है। खेड़ा बस्ती के लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर बेदखली पर रोक लगाने की मांग की है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग किच्छा विधायक बेहड़ के आवास पहुंचे और विधायक से मुलाकात की। उनका कहना था कि पिछले कई वर्षो से सैकड़ों परिवार कल्याणी और बैगुल नदी के किनारे झुग्गी-झोपड़ी डालकर गुजर बसर कर रहे है। आर्थिक स्थिति दयनीय होने के कारण लोग मेहनत मजदूरी कर जीविका चला रहे है।
बताया कि विगत दिनों जिला प्रशासन के आदेश पर नगर निगम ने कल्याणी नदी किनारे बसे लोगों को नोटिस भेज कर जगह खाली करने का आदेश दिया है। साथ ही हिदायत दी है कि खाली नहीं करने पर अतिक्रमण को ध्वस्त किया जाएंगा। लोगों का कहना था कि यदि प्रशासन ने उनको वहां से हटाया तो लोग बेघर हो जाएंगे। बेहड़ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही प्रशासन व निगम से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएंगा।
इस मौके पर पूर्व सभासद फुदेना साहनी, पूर्व सभासद नूर अहमद, अहमद अली, आजम मियां, अली हसन, मोहम्मद एहसान, रफीक अहमद, शाकिर अली, राजपाल सिंह, हुकुम सिंह, शिव दयाल,उमेश कुमार आदि मौजूद रहे।











