


अखिल भारतीय कोली समाज का सराहनीय आयोजन, हजारों लोगों की मौजूदगी में वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न हुए विवाह।
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालड़ा7037260222)


गदरपुर खबर रुद्रपुर। संत शिरोमणि कबीर दास की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कोली समाज के तत्वावधान में रम्पुरा स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह सामाजिक सहयोग से धूमधाम के साथ संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी वैवाहिक रस्में पूरी कराई गईं। हजारों लोगों की मौजूदगी में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के साथ ही गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया। देर रात तक विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत कबीर दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद मां काली मंदिर से छह सजी-धजी बग्गियों में दूल्हों की भव्य बारात निकाली गई, जो बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर रम्पुरा के प्रमुख मार्गों से होती हुई विवाह स्थल पहुंची। बारात का नेतृत्व पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल तथा अखिल भारतीय युवा कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम चन्द्र कोली ने किया।
मां दुर्गा मंदिर परिसर में वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार छह जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। समाजसेवियों एवं दानदाताओं ने नवदंपतियों को गृहस्थी शुरू करने के लिए आवश्यक घरेलू सामग्री एवं उपहार भेंट किए। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी सभी जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए शगुन स्वरूप सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि निर्धन बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना समाज का सबसे बड़ा दायित्व और पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं तथा सामाजिक समरसता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने संत कबीर दास के समानता, भाईचारे और मानव सेवा के संदेश को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम संयोजक हिम्मत राम कोली ने बताया कि समाज के सहयोग से पिछले चार वर्षों से सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष छह निर्धन कन्याओं का विवाह पूरे सम्मान के साथ कराया गया। प्रत्येक नवदंपति को वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, डबल बेड, अलमारी, ड्रेसिंग टेबल, सिलाई मशीन, स्टील एवं चांदी के बर्तन, रसोई का सामान, पंखे, इलेक्ट्रिक प्रेस, कंबल, बेडशीट, प्रेशर कुकर, डिनर सेट, वाटर कूलर, मेज-कुर्सियां सहित गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट किया गया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय युवा कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम चन्द्र कोली, पार्षद अंजलि कोली, पार्षद सोनी कोली, एडवोकेट संजीव गुप्ता, करन सिंह कोली, रवि कोली, केरू मंडल, हिम्मत राम कोली सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
