



“भक्ति गीतों व आकर्षक झांकियों से गूंजा क्षेत्र, राजकुमार ठुकराल भी रहे शामिल

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
रुद्रपुर खबर। ट्रांजिट कैंप स्थित श्री श्री राधा गोविंद मंदिर में आयोजित होने वाले सार्वजनिक श्री श्री अखंड महानाम संकीर्तन के शुभारंभ से पूर्व मंगलवार को भव्य कलश यात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक धार्मिक झांकियों के बीच निकली इस यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल भी शामिल हुए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ पदयात्रा कर उनका उत्साहवर्धन किया और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
राजकुमार ठुकराल ने कहा कि अखंड महानाम संकीर्तन जैसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सुख, शांति और आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिलता है। संकीर्तन के माध्यम से प्रभु का स्मरण करने से मन को शांति मिलती है और वातावरण सकारात्मक बनता है।
उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के लिए ऐसे सामूहिक आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।
कलश यात्रा के दौरान सजी विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लिया।
