नंदा गौरा योजना की आवेदन तिथि बढ़ाई जाएगी : महापौर विकास शर्मा
लेखपालों के कार्य बहिष्कार से प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानी, महापौर ने डीएम और शासन स्तर पर की पैरवी
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। लेखपालों के कार्य बहिष्कार के चलते नंदा गौरा योजना के लिए आवश्यक प्रमाण-पत्र और अभिलेख प्राप्त करने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए महापौर विकास शर्मा ने पात्र बालिकाओं को राहत दिलाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। उन्होंने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़वाने के लिए प्रशासन और शासन स्तर पर पैरवी की है।
इस संबंध में महापौर विकास शर्मा ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से वार्ता कर प्रभावित बालिकाओं की समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन से योजना की आवेदन अवधि एक माह बढ़ाने का अनुरोध किया है। वहीं महापौर ने भी शासन स्तर पर इस विषय को प्रमुखता से उठाया है। इन प्रयासों के बाद 30 नवंबर की निर्धारित अंतिम तिथि आगे बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि लेखपालों के कार्य बहिष्कार के कारण आम जनता को आय, जाति, स्थायी निवास सहित आवश्यक प्रमाण-पत्र और राजस्व संबंधी अभिलेख प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। इसका सीधा असर नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन करने वाली पात्र बालिकाओं पर पड़ रहा है। कई छात्राएं दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यदि आवेदन की अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई गई तो अनेक पात्र बालिकाएं केवल प्रशासनिक परिस्थितियों के कारण सरकार की महत्वपूर्ण योजना का लाभ लेने से वंचित रह सकती हैं।
महापौर ने कहा कि नंदा गौरा योजना प्रदेश सरकार की बेटियों के भविष्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। सरकार का उद्देश्य पात्र बालिकाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य को मजबूत आधार देना है। इसलिए किसी भी बेटी को प्रमाण-पत्रों की कमी के कारण योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शासन से आवेदन की अंतिम तिथि एक माह बढ़ाने का अनुरोध किया है। शासन स्तर पर भी इस संबंध में वार्ता की गई है और सकारात्मक निर्णय आने की उम्मीद है।
महापौर विकास शर्मा ने भरोसा दिलाया कि पात्र बालिकाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की समयसीमा बढ़वाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन जल्द ही इस संबंध में निर्णय लेकर प्रभावित बालिकाओं को आवश्यक दस्तावेज जुटाने और आवेदन करने का पर्याप्त अवसर प्रदान करेगा।









