


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर। कोतवाली क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजन शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-11 निवासी एक व्यक्ति की युवती पुत्री की मंगलवार शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि युवती के पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले जाया गया। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवती की मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए थे। इसी दौरान किसी ने पुलिस को युवती की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होने की सूचना दे दी। सूचना पर एसआई संजय बोरा और एसआई मेघा शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
युवती की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
