Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(9917322413)

फायरिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी मुकेश मिश्रा, संभाली मोर्चे की कमान
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जुटाए साक्ष्य, आरोपियों की तलाश में तेज की कार्रवाई

गदरपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित मनजोत ढाबे के समीप दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। व्यस्त हाईवे पर अचानक गोलियां चलने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार बाजपुर निवासी कौशल अपने मामा के घर प्रेमनगर, गदरपुर से कार द्वारा वापस बाजपुर जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह मनजोत ढाबे के पास पहुंचा, तभी एक क्रेटा कार में सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि फायरिंग की इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन दिनदहाड़े हुई वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से एक जिंदा कारतूस बरामद किया है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!