Spread the love

एसओजी और पुलिस टीम की बड़ी सफलता, रंगदारी व अवैध वसूली करने वाला गिरोह बेनकाब

एसएसपी अजय गणपति की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गदरपुर पुलिस की कार्रवाई, तीन शातिर गिरफ्तार

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

(9917322413)

गदरपुर खबर । मुख्यमंत्री उत्तराखंड श्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जनपद ऊधम सिंह नगर पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गदरपुर पुलिस ने डंपर चालकों से अवैध वसूली और रंगदारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सरोवरनगर निवासी फईम अहमद ने कोतवाली गदरपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका भाई वरीस अहमद 1 जून 2026 को रुद्रपुर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मुख्य आरोपी विकास सागर अपने साथियों अमित सागर, प्रदीप दिवाकर और गोलू कोटिया के साथ कार में आया और उसे जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी विकास सागर द्वारा शिकायतकर्ता के भाई से पुलिस एवं प्रशासनिक कार्रवाई का भय दिखाकर प्रतिमाह लगभग 35 हजार रुपये की अवैध वसूली की जाती थी। मोबाइल फोन में आरोपियों के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद होने के कारण उसे छीना गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डिवाइन सिटी कॉलोनी, छतरपुर रुद्रपुर क्षेत्र में दबिश देकर विकास सागर, अमित सागर और प्रदीप दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर गुलरभोज फ्लाईओवर के पास झाड़ियों से लूटा गया OPPO A-78 मोबाइल बरामद किया गया। आरोपियों ने मोबाइल का सिम तोड़कर और फोन फॉर्मेट कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया था।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलैनो कार संख्या UK06BH8088 को भी कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से कई अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास सागर निवासी सरस्वती इन्क्लेव रुद्रपुर, अमित सागर निवासी प्रीत विहार कॉलोनी रुद्रपुर तथा प्रदीप दिवाकर निवासी रम्पुरा रुद्रपुर शामिल हैं। जबकि गोलू कोटिया की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक, भूपेंद्र बृजवाल उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, एस ओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध वसूली, रंगदारी, गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन और वाहन चालकों को भय दिखाकर धन उगाही करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!