


बीएलओ और रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के दिए निर्देश
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
रुद्रपुर। भारत निर्वाचन आयोग की तीन सदस्यीय टीम ने गुरुवार को जिला सभागार में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा बैठक कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से फील्ड में चल रहे कार्यों की जानकारी ली।
बैठक के दौरान आयोग की टीम ने बीएलओ को निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों में मतदाताओं के स्पष्ट एवं अद्यतन फोटो लगाए जाएं, ताकि त्रुटिरहित और अपडेट मतदाता सूची तैयार की जा सके। साथ ही रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। टीम ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
टीम ने फील्ड में कार्य के दौरान नेटवर्क सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। इस पर उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने बताया कि जनपद में नेटवर्क या अन्य किसी प्रकार की समस्या नहीं है तथा एसआईआर का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोग के सभी निर्देशों का पालन करते हुए शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा कर लिया जाएगा।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह अधिकारी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके साथ ही तहसील एवं जनपद स्तर पर एसआईआर कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की टीम के अनुभाग अधिकारी चन्दर मोहन, सहायक अनुभाग अधिकारी शमीक मुखर्जी एवं आयुष कुमार, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, मनीष बिष्ट, राहुल शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह अधिकारी सहित सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर मौजूद रहे।
