


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने निःशुल्क विधिक सेवाओं, साइबर हेल्पलाइन व लोक अदालतों की भी दी जानकारी
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)(9917322413)गदरपुर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर की माननीय सचिव ममता पंत के निर्देशन में अंतरराष्ट्रीय नशा दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गूलरभोज में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार ने की।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति, परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करती है। नशे की लत से व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ वह कई बार अपराध की ओर भी अग्रसर हो जाता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सेवाओं, स्थायी लोक अदालत, राष्ट्रीय लोक अदालत, नालसा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100, नालसा थीम सॉन्ग तथा नशा मुक्ति से संबंधित डॉक्यूमेंट्री वीडियो के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए।
कार्यक्रम में पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) राजकुमारी, संगीता सरदार, मीना, कु. दीपा, गोपाल सिंह गौतम, कुंवर सिंह, दीपा ढुकराढी तथा विजेता धपोला ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
