(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(रुद्रपुर रिपोर्टर रवि कालरा 7037260222)

गदरपुर खबर रुद्रपुर। भूरारानी–शांति विहार–छतरपुर मार्ग के लंबे समय से जर्जर हालात से अब क्षेत्रवासियों को राहत मिलने जा रही है। शुक्रवार को रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। राज्य योजना के तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 2.47 करोड़ रुपये की लागत से 5 किलोमीटर लंबे मार्ग का हॉटमिक्स निर्माण कराया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि भूरारानी–शांति विहार–छतरपुर मार्ग क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जो सिडकुल-हल्द्वानी मार्ग से जुड़ता है। पिछले करीब 12 से 15 वर्षों से सड़क जर्जर होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में लगातार नई कॉलोनियां विकसित होने से मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ा है। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व क्षेत्रवासियों से सड़क निर्माण का वादा किया था, जिसे अब राज्य योजना से स्वीकृति मिलने के बाद पूरा किया जा रहा है।
शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सड़क, जल निकासी सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण शुरू होने पर स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक शिव अरोरा का मिष्ठान खिलाकर आभार जताया। लोगों ने लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या के समाधान की दिशा में कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम में छतरपुर प्रधान हरीश भट्ट, धर्मपुर प्रधान दीपक गोस्वामी, वरिष्ठ नेता गुलाब सिरोही, दीपनारायण मौर्य, साहब सिंह, शमशेर सिंह शेरा, गोविन्दर सिंह, हरदयाल सिंह, गुरमेज सिंह, प्रदीप नामधारी, आसदीप नामधारी, मनोज चौबे, सेवा सिंह, अनिल राजभर, लोकेश परिहार, नरेंद्र सिरोही, पुष्पेंद्र सिरोही एवं जितेन्दर सिरोही सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।








