जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के तहत निकाली गई भव्य शोभायात्रा, बुक्सा-थारू नृत्य और हारुल की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917 322413)

गदरपुर खबर गूलरभोज(ऊधम सिंह नगर), 15 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गूलरभोज में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजकीय जनजाति छात्रावास काशीपुर के छात्र-छात्राओं ने भी संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया। आयोजन के दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनजातीय कल्याण अधिकारी वीरेंद्र कमार द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के एक-एक छात्र को भगवान बिरसा मुंडा की वेशभूषा में तैयार किया गया, जिसने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

इसके बाद दोनों संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा में भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा स्थानीय विधायक अरविंद पांडे के आवास से होते हुए निकटवर्ती जनजातीय बाहुल्य ग्राम चंदायन तक पहुंची। यहां अनुसूचित जनजाति आयोग उत्तराखंड के सदस्य बाबू सिंह तोमर के आवास पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। श्री तोमर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के महत्व पर बल दिया।

कार्यक्रम का समापन राजकीय आईटीआई गूलरभोज परिसर में हुआ। यहां जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करते हुए बुक्सा जनजाति का पारंपरिक नृत्य, थारू जनजाति का नृत्य तथा काशीपुर जनजाति छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा हारुल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए अपनी संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाओं का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का संदेश दिया गया। इस मौके पर जनजाति कल्याण अधिकारी वीरेंद्र कुमार अनसूचित जनजाति आयोग उत्तराखंड के सदस्य श्री बाबू सिंह तोमर, स्थानीय विधायक श्री अरविंद पांडे जी की धर्मपत्नी श्रीमती मनविंदर पांडे जी, आईटीआई गूलरभोज के ग्रुप अनुदेशक सुभाषअनेजा, जनजाति छात्रावास काशीपुर की प्रबंधक श्रीमती पूनम बिष्ट एवं आईटीआई गूलरभोज की अनुदेशक श्रीमती दीपा ठकुराठी, विजेता धपोला, पंकज नेगी, धर्मेंद्र सिंह, चैतन्य स्वरूप, विकास राणा आदि कर्मचारी मौजूद थे।









