रुद्रपुर, काशीपुर और ऊधमसिंह नगर में बदली प्रशासनिक जिम्मेदारियां, कई अधिकारियों को मिली नई तैनाती
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917 322 413)

गदरपुर खबर देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए 30 आईएएस (IAS) एवं पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के बाद प्रदेश के कई महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल का असर ऊधमसिंह नगर जनपद पर भी देखने को मिला है।ऊधमसिंह नगर पर विशेष फोकस: रुद्रपुर नगर निगम को नई नगर आयुक्त नूपुर वर्मा मिली हैं। वहीं जिले में एडीएम (वित्त एवं राजस्व) की जिम्मेदारी विनोद कुमार को सौंपी गई है। एडीएम (प्रशासन/नजूल) के पद पर निर्मला बिष्ट की तैनाती की गई है। कौस्तुभ मिश्र को मंडी परिषद रुद्रपुर में उप निदेशक बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर में कई अहम बदलाव
शासनादेश के अनुसार, ऊधमसिंह नगर में तैनात अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल) पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार बनाया गया है। उनकी जगह निर्मला बिष्ट को एडीएम (प्रशासन/नजूल) की जिम्मेदारी दी गई है। निर्मला बिष्ट के पास सचिव, जिला विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
वहीं, देहरादून में तैनात विनोद कुमार को एडीएम (वित्त एवं राजस्व), ऊधमसिंह नगर बनाया गया है। उन्हें सचिव, जिला विकास प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। कौस्तुभ मिश्र को मंडी परिषद रुद्रपुर में उप निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
रुद्रपुर, काशीपुर और किच्छा में भी बदले अधिकारी
पौड़ी गढ़वाल में तैनात नूपुर वर्मा को नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर बनाया गया है। काशीपुर नगर निगम के आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर भेजा गया है। हल्द्वानी के नगर आयुक्त परितोष वर्मा को नगर आयुक्त काशीपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
कुमाऊं मंडल के अपर आयुक्त जीवन सिंह नगन्याल को आयुक्त गन्ना एवं चीनी, काशीपुर तथा चीनी मिल किच्छा के प्रधान प्रबंधक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, त्रिलोक सिंह मर्तोलिया को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल बनाया गया है। विवेक प्रकाश को भी आयुक्त गन्ना एवं चीनी तथा चीनी मिल किच्छा के प्रधान प्रबंधक की जिम्मेदारी दी गई है।
कई जिलों में भी प्रशासनिक फेरबदल
प्रशासनिक बदलाव के तहत देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह को अपर सचिव पर्यटन बनाया गया है। दीपक सैनी को देहरादून का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रवीण कुमार को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़, अनामिका को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा और अभिषेक त्रिपाठी को निदेशक पंचायती राज की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा हरिद्वार, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अन्य जनपदों में भी अधिकारियों के दायित्व बदले गए हैं। कुंभ मेला हरिद्वार की तैयारियों को देखते हुए भी महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं।
शासन की ओर से जारी आदेश के तहत कुल 30 अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। संबंधित अधिकारियों को अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब जनपद ऊधमसिंह नगर में विकास कार्यों, नगर निकायों और प्रशासनिक व्यवस्था के संचालन में नए अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।









