


खुशहालपुर सरोवर नगर फायरिंग कांड का वांछित आरोपी दबोचा, 315 बोर तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद
(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
(9917322413)
गदरपुर खबर। कोतवाली गदरपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फायरिंग एवं जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 21 मई 2026 को खुशहालपुर सरोवर नगर निवासी गुरदेव सिंह ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सुक्खा समेत अन्य लोगों ने उसके घर पर हमला कर अंधाधुंध फायरिंग की, तोड़फोड़ की तथा पूरे परिवार को जान से मारने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत प्रभारी थानाध्यक्ष प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिनेशपुर रोड फ्लाईओवर के पास सूरजपुर मार्ग से फरार चल रहे आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र स्वरूप सिंह निवासी अज्जूवाला, थाना मिलकखानम, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम की धाराओं में भी कार्रवाई की है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामदगी:
एक अवैध तमंचा 315 बोर
दो जिंदा कारतूस 315 बोर
पुलिस टीम:
प्रभारी थानाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, कांस्टेबल कुन्दन सिंह एवं कांस्टेबल जीवन फुलेरा की टीम ने कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
