


(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)
रुद्रपुर। रुद्रपुर में आयोजित होने वाले वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनज़र जिला पुलिस एवं प्रशासन ने शहर में विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की संभावित भागीदारी को देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी रूट प्लान के अनुसार नैनीताल, हल्द्वानी और दिनेशपुर की ओर से आने वाली बसें एवं मैक्स वाहन सिडकुल क्षेत्र से डी.डी. चौक तक पहुंचेंगे। यहां यात्रियों को उतारने के बाद वाहन मोदी मैदान में पार्क किए जाएंगे।
वहीं खटीमा, सितारगंज और किच्छा की ओर से आने वाले वाहन तीनपानी होते हुए महाराजा पैलेस से यू-टर्न लेकर मोदी मैदान पहुंचेंगे। इसके अलावा तीनपानी से त्रिशूल चौक होते हुए रोडवेज के सामने यात्रियों को उतारकर भी वाहन मोदी मैदान में पार्क किए जा सकेंगे।
काशीपुर, बाजपुर और गदरपुर की ओर से आने वाले वाहनों को गावा चौक से काशीपुर बाईपास रोड होते हुए अग्रसेन चौक तक आने की अनुमति होगी। यहां यात्रियों को उतारने के बाद वाहन डी.डी. चौक से होते हुए 46 पीएसी गेट के सामने स्थित होमगार्ड्स मैदान में पार्क किए जाएंगे।
रामपुर एवं बिलासपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन त्रिशूल चौक होते हुए रोडवेज के सामने यात्रियों को उतारकर डी.डी. चौक से मोदी मैदान की पार्किंग में पहुंचेंगे।
कार एवं दोपहिया वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था के तहत कार्यक्रम में शामिल होने वाले आम नागरिकों के निजी वाहन सिंचाई विभाग परिसर में पार्क किए जाएंगे। पार्किंग स्थल भर जाने की स्थिति में वाहनों को #वेंडिंग_जोन के बाहर हाईवे किनारे निर्धारित स्थानों पर खड़ा किया जाएगा।
पुलिस, प्रशासन के ड्यूटीरत अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पत्रकारों के निजी वाहनों की पार्किंग न्यू ट्रैफिक लाइन में निर्धारित की गई है। वहीं वीआईपी अतिथियों के वाहनों के लिए गांधी पार्क के बाहर विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित रूट एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें, जिससे कार्यक्रम का सफल एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
