Spread the love

(कृष्णा वार्ता गदरपुर उत्तराखंड)

रुद्रपुर। जनपद में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिला आपदा प्रबंधन सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जलभराव और बाढ़ जैसी संभावित आपदाओं से निपटने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

    बैठक के दौरान उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर फोकस करने को कहा, जहां पिछले वर्षों में जलभराव और बाढ़ की समस्या अधिक रही है। ऐसे स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और सुरक्षात्मक उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी नदी, नाले या नहर में मलवा जमा है, तो उसे हटाने और ड्रेजिंग कार्य के लिए उप जिलाधिकारी संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करें। नगर निकायों को नालियों और नालों की सफाई के साथ जीओ टैगिंग के जरिए फोटो रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मानसून शुरू होने से पहले दो चरणों में सफाई कार्य पूर्ण किया जाए, और जलभराव वाले क्षेत्रों में छिड़काव के लिए पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सड़क विभाग को पुलिया और स्कवर के नीचे जमा मलबा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन के तहत एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य विभागों को अपने उपकरणों की स्थिति जांचने और खराब उपकरणों की मरम्मत कराने को कहा गया है। इसके अलावा, विद्युत विभाग को बिजली लाइनों के पास पेड़ों की छंटाई, जर्जर पोल बदलने और ढीले तारों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला पूर्ति अधिकारी को आपदा के दौरान आवश्यक खाद्य सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने को कहा गया है।प्रशासन का उद्देश्य है कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके और जनजीवन प्रभावित न हो। 

इस बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।


Spread the love
किसी भी प्रकार का समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करें -
संपादक- सुरेंद्र चावला उर्फ राजू - 9917322413
रिपोर्टर -सागर धमीजा - 9837877981
कृष्णा वार्ता, गदरपुर

error: Content is protected !!